बदायूं जिले में मलेरिया और वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। जिला अस्पताल में मंगलवार को खून की जांच कराने के लिए सुबह से ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ी। हालत यह रही कि लाइन अस्पताल परिसर से काफी लंबी लग गई। कई मरीज थककर जमीन पर बैठ गए, तो कई महिला और बुजुर्ग मरीज परेशान नजर आए। जिला अस्पताल में सामान्य दिनों में खून जांच के लिए रोजाना औसतन 170 से 190 मरीज आते हैं। लेकिन बीते एक सप्ताह से यह संख्या लगातार बढ़ते हुए 300 के करीब पहुंच गई है। अचानक बढ़े इस दबाव ने लैब की क्षमता और स्टाफ दोनों पर असर डाला है। मरीजों को समय पर जांच कराने और रिपोर्ट मिलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। लाइन में लगी पड़ौआ निवासी रामबती का कहना है कि बुखार और कमजोरी की हालत में घंटों खड़ा होना बेहद मुश्किल है। आमगांव निवासी मनोहरी देवी ने बताया कि बुखार की वजह से खड़े रहना मुश्किल हो रहा है, लेकिन रिपोर्ट मिलने के बिना इलाज शुरू नहीं हो सकता। कई मरीजों का कहना है कि उन्हें सुबह-सुबह लाइन में लगना पड़ता है, लेकिन रिपोर्ट मिलने में देर शाम तक इंतजार करना पड़ता है। इससे इलाज में और देरी हो रही है।