बदायूं के कादरचौक में रुहेलखंड का मिनी कुंभ कहे जाने वाले ककोड़ा गंगा मेला का शुभारंभ बुधवार को विधिवत हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव मां ककोड़ा वनदेवी मंदिर से पवित्र झंडी और ज्योति लेकर मेला स्थल पहुंचीं, जहां गंगा तट पर विधिवत पूजन-अर्चन, हवन एवं गंगा आरती कर मेले का शुभारंभ किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव के साथ पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे ककोड़ा गांव में प्राचीन देवी मंदिर पर पहुंचे। उन्होंने देवी मंदिर पर हवन पूजन किया। इसके बाद देवी स्वरूप झंडी और उनकी ज्योति लेकर ककोड़ा मेला पहुंचे। मेला में जिलाधिकारी अवनीश राय, एसएसपी डॉ बृजेश कुमार सिंह ने झंडी पहुंचने के बाद हवन और गंगा का पूजन किया गया। पूजा-अर्चना के बाद झंडी को स्थापित किया गया। मेला स्थल पर जिला पंचायत द्वारा लगाए गए टेंट में समीक्षा बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें डीएम व एसएसपी के द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।