बदायूं के कुंवरगांव में चार करोड़ की लागत से बालिकाओं को आवासीय शिक्षा देने के उद्देश्य से छात्रावास का निर्माण ललेई गांव में कराया जा रहा है। छात्राओं को इसी नए सत्र से ही सुविधा देने की तैयारी की जा रही है। इसके बनने के बाद हर कमरे में दो छात्राओं को रखा जाएगा। इसके अलावा उनके पढ़ाई के लिए एकेडमिक ब्लॉक का भी निर्माण शुरू किया जाएगा। अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण राजेश कुमार ने बताया कि स्कूल को उच्चीकृत किया गया है। बीएसए ने जिस जगह को चिन्हित कर निर्माण को मंजूरी दी उसी जमीन पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बताया कि निर्माण होने के बाद छात्रावास विभाग के लिए भवन सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद विद्यालय के उच्चीकरण की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कक्षा छह से आठ तक कक्षाएं संचालित होने वाले इस विद्यालय में कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। कक्षा नौ से 12 तक पढ़ने वाली छात्राएं इस नवनिर्मित छात्रावास में रहेंगी। उन्होंने इसके बाद छात्राओं की पढ़ाई के लिए एकेडमिक ब्लॉक का भी निर्माण कराया जाएगा।