शारदीय नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में शैलपुत्री की आराधना की गई। मां दुर्गा के प्रथम अवतार शैलपुत्री की पूजा के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस दौरान लोगों ने व्रत रखकर मां का पूजन अर्चन कर सुख समृद्धि की कामना की। नवरात्र में बदायूं के प्रमुख मंदिरों को काफी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शहर के देवी शक्ति पीठ नगला मंदिर में सोमवार सुबह से श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। मंदिर के बाहर भक्तों की लंबी लाइन लगी रही। मंदिर कमेटी की ओर से सुबह पांच बजे ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। मंदिरों में भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए। इसके अलावा ओवरब्रिज के नीचे स्थित माता रानी के मंदिर पर भी भक्तों की भीड़ लगी रही है।