बदायूं में कार चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक कार के अगले हिस्से में फंस गए। चालक कार रोकने की बजाय दौड़ाता चला गया। इससे करीब एक किलोमीटर तक दोनों युवक घिसटे रहे। दर्दनाक हादसे में शाहजहांपुर के कलान क्षेत्र निवासी आर्येंद्र कुमार की मौत हो गई। उनका साथी गंभीर घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कलान क्षेत्र के गांव बसई निवासी आर्येंद्र कुमार (30 वर्ष) बदायूं रोडवेज डिपो में परिचालक थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।