बदायूं के दातागंज इलाके के गांव सुखौरा में एक मकान की छत पर चढ़ा सांड़ मंगलवार को चौथे दिन चार घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतार लिया गया। बरेली और बदायूं के ब्रजवासी गोरक्षा दल ने सांड़ का रेस्क्यू किया। दल के सदस्यों ने सांड़ को जंगल में छुड़वा दिया। सुखौरा गांव में रवींद्र वाल्मीकि के मकान में जीने से होकर एक सांड़ छत पर चढ़ गया था। ग्रामीणों के प्रयास असफल हो गए तो सोमवार को इसे उतारने के लिए वन विभाग व पशुपालन विभाग की टीम पहुंची, लेकिन वह भी सफल नहीं हुई। सांड़ के छत पर चढ़ जाने की खबर अमर उजाला में प्रकाशित हुई तो ब्रजवासी गोरक्षा दल के बरेली अध्यक्ष सुमित कुमार मिश्रा और बदायूं जिलाध्यक्ष योगेश सक्सेना अपनी टीम के साथ मंगलवार को गांव पहुंच गए और रवींद्र वाल्मीकि के घर जाकर सुबह 6:30 बजे से आपरेशन बचाव शुरू कर दिया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद रस्सियों की सहायता से टीम ने 10:30 बजे सांड़ को जीने के रास्ते ही उतार लिया। गृहस्वामी और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। सांड़ को वहीं जंगल में छोड़ दिया गया।