बदायूं में जन्म प्रमाणपत्र बनवाने में हो रही धांधली का आशा कार्यकर्ता ने खुलासा किया है। आसफपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सौ रुपये लेने के बाद भी सात दिन से घुमाया जा रहा है। जिम्मेदारों से इसकी शिकायत की लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें आशा यह आरोप लगाती नजर आ रही है। आसफपुर स्वास्थ केंद्र किसी न किसी विवाद के घेरे में रहता है। एक साल पहले भी जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत शासन तक पहुंची थी। डीएम ने मामले की जांच कराई लेकिन फाइल आज भी सीएमओ कार्यालय में दबी हुई है। कार्रवाई नहीं की गई। यही वजह है कि यहां तैनात कर्मचारी सुधारने का नाम नहीं ले रहे हैं। सीएमओ डॉ. रामेश्वर मिश्र ने बताया कि मैं कल ही जिले में आया हूं। अगर इस तरह का मामला है तो पीड़ित इसकी शिकायत करे। जांच करा दोषी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।