बदायूं जिले में पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को सौंपे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में सर्विलांस सेल तथा विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 120 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने यह कार्रवाई सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों व पीड़ितों के प्रार्थना पत्रों के आधार पर की। लगातार तकनीकी निगरानी और प्रयासों के बाद अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद कर लिए गए। मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पुलिस के अनुसार सर्विलांस सेल ने 80 मोबाइल, सिविल लाइन थाना ने 20, वजीरगंज ने 6, बिसौली व उझानी ने 4-4, दातागंज ने 3 तथा बिनावर, इस्लामनगर और कुंवरगांव थाना पुलिस ने एक-एक मोबाइल बरामद किया।