पुराना कालागढ़ स्थित वन विभाग के सुरक्षा बैरियर पर हाथी ने उग्र होकर उत्पात मचाया। लोगों ने शोरगुल कर हाथी को जंगल की ओर जाने पर मजबूर कर दिया। पुराना कालागढ़ स्थित वन विभाग के बैरियर पर बुधवार की शाम को कार्बेट टाइगर रिजर्व के जंगलों से निकलकर एक हाथी आ धमका। कुछ ही देर में हाथी ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां रखे एक बोर्ड को भी पटक दिया। हाथी का बढ़ता गुस्सा देखकर कर्मचारी भी दूर से ही नियंत्रित करने का प्रयास करते रहे। हाथी को बैरियर पर उत्पात मचाता देख बड़ी संख्या में लोगों ने वहां पहुंचकर शोर गुल मचाना शुरू कर दिया। बढ़ती भीड़ और शोर गुल को सुनकर हाथी जंगल की ओर चला गया। बृहस्पतिवार की सुबह यह हाथी दुबारा मुख्य मार्ग पर देखा गया।