बिजनाैर जनपद में नजीबाबाद- कोतवाली मार्ग पर गांव सरवनपुर क्षेत्र में फोरलेन हाईवे निर्माण में क्षेत्र में यू-टर्न न दिए जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया।क्षेत्रवासियों ने सरवनपुर नहर पुल पर समतल पुल व हाईवे बनाने के कार्य को रोक कर प्रदर्शन किया। काशीपुर-हरिद्वार फोरलेन निर्माण के अंतर्गत गांव सरवनपुर में नहर पुल का लंबे अरसे के बाद निर्माण कार्य हाईवे अथॉरिटी ने शुरू कराया है। गांव सरवनपुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी द्वारा क्षेत्र में यू- टर्न न देने के विरोध में गुरुवार को फोरलेन हाईवे निर्माण कार्य रोक कर प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय जिला पंचायत सदस्य अमर सिंह, ग्राम प्रधान सोमन सिंह ,पूर्व प्रधान कृष्णदेव बृजपाल सिंह, सुधीर कुमार सहित क्षेत्रीय ग्रामीण का कहना है कि गांव सरवनपुर के अतिरिक्त करीब एक दर्जन गांव के ग्रामीण यू - टर्न न दिए जाने से लगभग पांच से छह किलोमीटर गांव फजलपुर तक चलने के लिए विवश होंगे। हाल ही में संपूर्ण समाधान दिवस पर पूर्व प्रधान कृष्णदेव सहित क्षेत्रीय ग्रामीणों ने नजीबाबाद पहुंचकर जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा था। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जनहित में सरवनपुर में य-ू टर्न दिया जाना जरूरी है।यदि यू-टर्न नहीं दिया गया तो वे समतल पुल और फोरलेन हाईवे निर्माण नहीं होने देंगे।