बिजनौर जनपद के स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव केशोपुर के जंगल में बुधवार देर शाम एक और गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुलदार को पिंजरे सहित कब्जे में ले लिया है। रेंजर गोविंद राम गंगवार ने बताया कि इसी गांव में रविवार को तीन दिन पहले भी एक नर गुलदार पिंजरे में कैद हुआ था। जिसे मंगलवार को वन विभाग के अधिकारियों ने यूपी- उत्तराखंड सीमा से लगे पौड़ी गढ़वाल के वनों में छुड़वा दिया था लेकिन ग्रामीणों की मांग पर केशोपुर के जंगल में विभाग की ओर से एक और पिंजरा लगा था। जिसमें बुधवार की शाम एक गुलदार और कैद हो गया। यह गुलदार मादा है या नर। इसके बारे में अभी बता पाना संभव नहीं है, लेकिन वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पिंजरे में कैद हुए गुलदार को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। रेंजर का कहना है कि गुलदार को धामपुर रेंज कार्यालय लाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों को सुझाव दिया है कि वह धैर्य बनाए रखें । वन विभाग की ओर से गुलदार पकड़ने के लिए और कई स्थानों पर पिंजरे लगा रखे हैं । उन्होंने लोगों से जंगलों में खेती-बाड़ी का कार्य बड़ी सावधानी से किए जाने का सुझाव दिया। कहा कि वह वन्य जीवों के साथ छेड़छाड़ न करें । यदि कोई सूचना मिलती है तो वन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराएं।