स्कूल जाते समय सोमवार सुबह गांव मुख्तियारपुर के पास रेत से भरी घोड़ा-बुग्गी की चपेट में आने से 11 वर्षीय छात्र मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी बुग्गी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अस्पताल में प्रदर्शन किया। स्कूल जाते समय हुआ हादसा गांव मुख्तियारपुर निवासी मजदूर अमित कुमार का 11 वर्षीय पुत्र मयंक पूर्व माध्यमिक विद्यालय पदारथपुर में कक्षा छह का छात्र था। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे वह स्कूल जा रहा था। गांव के निकट सामने से आ रही रेत से भरी घोड़ा-बुग्गी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके साथ जा रहे अन्य विद्यार्थी बाल-बाल बच गए। परिजन और ग्रामीण घायल मयंक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।