ऊंज थाना क्षेत्र में शनिवार की रात पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हुई। जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर जिबराईल उर्फ गूंगे को गिरफ्तार कर लिया। जिबराईल वाहन चोरी और पशु तस्करी जैसे अपराधों में संलिप्त था। पुलिस ने उसके साथ एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शनिवार की देर रात शाम पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बसही नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देख आरोपी भागने लगे और फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें जिबराईल के बाएं पैर में गोली लगी। उसे तत्काल अस्पताल भेजा गया। जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे (315 बोर) और चार कारतूस (दो जिंदा, दो खोखा) बरामद किए। वहीं मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई गई। अभियुक्त जिबराईल थाना गोपीगंज का हिस्ट्रीशीटर है और कई मामलों में वांछित था। वह वाहन चोरी के बाद चोरी के वाहनों से पशु तस्करी करता था। पुलिस दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि इस समय महाकुंभ को लेकर बार्डर पर कड़ी चौकसी है। रात में चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में बदमाश गिरफ्तार हुए हैं।