एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया ने शुक्रवार को पुलिस सतर्क मित्र नामक व्हाट्सएप-आधारित चैटबॉट सेवा का शुभारंभ वीडियो कांफ्रेसिंग से किया पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल संग क्षेत्राधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने बताया कि पुलिस सतर्क मित्र व्हाट्सएप बॉट के माध्यम से नागरिक अपने आसपास हो रही अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को सरल, सुरक्षित एवं गोपनीय तरीके से दे सकेंगे। बताया कि नागरिक अपने मोबाइल फोन में व्हाट्सएप खोलें और नंबर 7839860411 पर “Hi” या कोई भी संदेश भेज दें। इसके बाद चैटबोट स्वतः सक्रिय होकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर देगा। इसके अंतर्गत गौ तस्करी/गोहत्या, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, मानव तस्करी, पुलिस भ्रष्टाचार, अवैध खनन सहित अन्य गंभीर अपराधों से जुड़ी सूचनाएं साझा की जा सकती हैं। अपर पुलिस महानिदेशकने बताया कि इस सेवा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रहती है। नागरिक का नाम या मोबाइल नंबर पुलिस को प्रदर्शित नहीं होता, जिससे लोग बिना किसी भय के अपराध से जुड़ी जानकारी साझा कर सकेंगे।