सुरियावां नगर के वार्ड सात इंदिरा नगर में शुक्रवार शाम करीब साढ़े चार बजे कास्मेटिक और खिलौने के गोदाम में भीषण आग लग गई। जिससे उसमें रखा पांच लाख से अधिक का सामान जलकर नष्ट हो गया। नगर पंचायत के कर्मचारियों और नागरिकों ने करीब एक घंटे की मेहनत से आग पर काबू पाया। सूचना पर दमकल टीम भी पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझ चुकी थी। आग कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो सका। दुकानदार ने अराजकतत्वों के खिलाफ शिकायत किया। नगर के इंदिरा नगर निवासी मिथिलेश जायसवाल की नगर पंचायत कार्यालय के समीप गिफ्ट कार्नर की दुकान है। उसी के पास ही गोदाम भी है। जिसमें खिलौने, कास्मेटिक और गिफ्ट आदि बेचा जाता है। शुक्रवार शाम को करीब साढ़े चार बजे गोदाम में तेज धुआं संग आग की लपटें उठने लगी। यह देख आसपास खलबली मच गई। शोरगुल होने पर नागरिकों ने सबमर्सिबल पंप चलाकर नगर पंचायत के सहयोग से आग को बुझाने में जुट गए। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम भी पहुंच गई। करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। पीड़ित दुकानदार ने बताया कि एक दिन पूर्व ही एक ट्रक सामान गोदाम में रखा गया। पीड़ित ने बताया कि करीब पांच लाख का नुकसान हुआ। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। आशंका जताई जा रही है कि अराजकतत्वों ने खिड़की से चिंगारी आदि फेंकी होगी। शिकायत पर पुलिस ने मौका-मुआयना किया। नगर पंचायत अध्यक्ष विनय चौरसिया, अधिशासी अधिकारी सुजीत कुमार और लेखपाल रजनीश बघेल भी मौके पर पहुंचे।