हनुमान जन्मोत्सव बृहस्पतिवार को जिले में धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान नगर के प्रमुख मंदिरों में विविध अनुष्ठान होंगे। बजरंग बली का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। भजन-कीर्तन के साथ सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का संगीतमय पाठ होगा। उधर, विजयगढ़ दुर्ग पर दो दिवसीय हिंदू मेले की शुरुआत कीर्तन भजन के साथ हुई। रॉबर्ट्सगंज के मेन रोड स्थित केडिया जी के बगीचे के हनुमान मंदिर में सुबह 7 बजे देवी-देवताओं की पूजा होगी। दोपहर 1 बजे सुंदरकांड पाठ और शाम 7 बजे हनुमान जी की भव्य आरती की जाएगी। आयोजक निर्मल कुमार केडिया ने बताया कि रात्रि 8 बजे से यहां भजन गायक राजन अग्रहरि, सुनीता सांवरिया और नीरज केजरीवाल अपने मधुर गायन से भक्तों का मन मोहेंगे। शीतला माता मंदिर के पास स्थित संकट हरण श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में सुबह 7:30 बजे भव्य आरती होगी। इसके बाद सुबह 8 बजे नगर में विशाल ध्वज यात्रा निकाली जाएगी। कार्यक्रम संयोजक रामजी मोदनवाल ने बताया कि शाम 7 बजे हनुमान जन्मोत्सव की आरती और रात्रि 8 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। सीएमओ ऑफिस के पास स्थित श्रीराम जानकी संकट मोचन मंदिर में सुबह 7 बजे हनुमान जी की दिव्य आरती पुजारी राजकुमार पांडेय करेंगे। पूजा के बाद हनुमान भक्तों द्वारा केक काटा जाएगा। शाम 7 बजे जन्मोत्सव की भव्य आरती और इसके पश्चात भंडारे का आयोजन किया जाएगा। रात्रि 8 बजे सुप्रसिद्ध भजन गायक सूरज गुप्ता की टीम भजन संध्या प्रस्तुत करेगी। पुजारी राजकुमार पांडेय ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर में पधारकर इस पुण्य अवसर का भागी बनें।