पवित्र अमरनाथ यात्रा इस साल तीन जुलाई से प्रारंभ हो रही है। वहीं रक्षा बंधन के दिन 28 अगस्त को समाप्त होगी। 57 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा पर जाने के लिए पंजीकरण बुधवार से शुरू हो गया। बुधवार को नगर के जेएंडके बैंक में पंजीकरण कराने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन यात्रा बोर्ड का बोर्ड पोर्टल नहीं चलने से एक भी पंजीकरण नहीं हो सका। जिससे लोग निराश होकर लौट गए। अमरनाथ यात्रा पर भदोही से भी हजारों श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन करने के लिए जाते हैं। इसके लिए बुधवार से पंजीकरण शुरू कर दिया गया। पहले दिन सैकड़ों की संख्या में लोग सुबह 10 बजे से पहले ही स्टेशन रोड स्थित जे एंड के बैंक के बाहर जमा हो गए। बैंक के बाहर लोगों के वाहनों और भीड़ के चलते सड़क पर कई बार यातायात अवरुद्ध हो गया। भीड़ को संभालने और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए थाने से पुलिस की व्यवस्था करानी पड़ी, लेकिन इतना सबकुछ होने के बाद भी बैंक के अंदर से पता चला कि श्राईन बोर्ड का पोर्टल नहीं चलने से पंजीकरण नहीं हो सका। बैंक की ओर से बैंक के बाहर इस आशय की सूचना भी चस्पा कर दी गई, लेकिन फिर भी भीड़ बैंक के मुख्य गेट पर डटी रही। भीड़ के चलते बैंक के रोजमर्रा के ग्राहकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। भीड़ से बचने के लिए पूरे समय तक बैंक का गेट अंदर से बंद रखा गया। ऐसे में जो ग्राहक आ भी रहे थे, उन्हें बाहर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा रहा था। शाम 5 बजे तक भीड़ धीरे-धीरे बैंक से छंटी। आज से पंजीकरण शुरू होना था, लेकिन नहीं हो पाया। पोर्टल नहीं चलने की सूचना बैंक उच्चाधिकारियों को दे दिया गया था। शाम तक प्रयास किया गया, लेकिन पोर्टल नहीं चला। - मो. वसीम अहमद, सहायक प्रबंधक जेके बैंक।