बरेली के परसाखेड़ा स्थित बीएल एग्रो इंडस्ट्री में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि देश की समृद्धि में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की अहम भूमिका होती है। कई देश कृषि प्रधान नहीं हैं, पर वे भुखमरी (हंगर इंडेक्स) में शामिल नहीं। कृषि प्रधान देश भारत में क्षमता है कि वो वैश्विक भुखमरी का समाधान कर ग्लोबल फूड बास्केट के तौर पर पहचान बना सके। वर्तमान में फूड सिक्योरिटी के साथ फूड सेफ्टी पर भी केंद्र सरकार ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रत्येक डाइनिंग टेबल पर भारत की एक डिश जरूर मौजूद हो, इस सोच से मंत्रालय कार्य कर रहा है। यह संकल्प तभी पूरा होगा, जब प्रसंस्करण इकाइयां बढ़ेंगी।