बरेली के बहेड़ी में नैनीताल रोड स्थित बरातघर में शादी समारोह के दौरान हुई चोरी का रविवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मध्य प्रदेश के सांसी गिरोह के दो और राजस्थान के एक चोर को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दुल्हन के जेवरातों से भरा बैग बरामद किया है। इसके अलावा बारादरी थाना क्षेत्र बरातघरों से हुई चोरी के रुपये भी बरामद हुए हैं। तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। 12 फरवरी को मंडनपुर स्थित किंग रिसोर्ट में मोहल्ला टांडा निवासी मोहम्मद जोरेज की पुत्री की शादी थी। रात करीब 11 बजे दुल्हन का बैग चोरी हो गया, जिसमें जेवर थे। पीड़ित ने बहेड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर संजय तोमर ने शादी में फोटोग्राफी करने वाले को बुलाकर सभी फोटो व वीडियो की जांच की। इसके बाद पुलिस के हाथ सुराग लगे और आरोपियों को दबोच लिया।