बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय के एमबीए डिपार्टमेंट के प्रो. एसबी सिंह ऑडिटोरियम में बुधवार को भारतीय वायु सेना की ओर से एक मोटिवेशनल लेक्चर एवं सिम्युलेटर डेमोंस्ट्रेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को एयरफोर्स की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारी-फ्लाइट लेफ्टिनेंट नवीन कुमार यादव, फ्लाइंग ऑफिसर हर्षित हूडा और विंग कमांडर सिद्धार्थ अग्रवाल के साथ 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। विंग कमांडर सिद्धार्थ अग्रवाल ने विद्यार्थियों को एयरफोर्स की कार्यप्रणाली, विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी शाखाओं, भर्ती प्रक्रिया, आवेदन तिथियों, चयन प्रक्रिया एवं पात्रता के बारे में बताया। साथ ही विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग सत्र का भी आयोजन किया गया। जहां विद्यार्थियों ने एयरफोर्स के बारे में कई सवाल-जवाब किए। जहां विंग कमांडर ने उन्हें जीवन में एक बार एसएसबी (सर्विस सलेक्शन बोर्ड) का इंटरव्यू देने के लिए कहा। सत्र की शुरुआत में अधिकारियों द्वारा इंटरएक्टिव रूप से फाइटर विमानों की छवियां दिखाकर प्रश्न पूछे गए, जिनके सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय वायु सेना की ओर से प्रस्तुत सिम्युलेटर डेमोंस्ट्रेशन रहा। रुविवि के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह, एमबीए डिपार्टमेंट के डीन प्रो. तूलिका सक्सेना, मैकेनिकल डिपार्टमेंट के डॉ. विशाल सक्सेना, महेश कुमार, रणजीत सिंह, तरुण भट्ट, हिमांशु गौर उपस्थित रहे।