ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा कि मुसलमानों के कंधों पर सवार होकर वोट बैंक की राजनीति करने वाले राजनीतिक दल मुसलमानों को उनकी आबादी के हिसाब से लोकसभा में प्रत्याशी के तौर पर टिकट दें। उन्होंने कहा कि अगर अनदेखी की तो मुसलमान बर्दाश्त नहीं करेगा। अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए मौलाना ने कहा कि सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव इन बातों का ध्यान रखते थे। हर आबादी के हिसाब से विधानसभा और लोकसभा में टिकटों का वितरण करते थे। मगर जब से सपा का नेतृत्व अखिलेश यादव करने लगे तब से सपा ने अपनी सोच में काफी हद तक बदलाव पैदा किया है। अखिलेश यादव नरम हिंदुत्व की लाइन पकड़ कर चल रहे हैं। यही वजह है कि हर चुनाव में उनको हार का मुंह देखना पड़ रहा है। कहा कि सपा ने मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया। मुसलमानों के लिए बुनियादी तौर पर कोई काम नहीं किया।