बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में प्लॉट पर कब्जे को लेकर बवाल हो गया। शनिवार सुबह करीब सात बजे दबंगों ने पीलीभीत बाईपास पर अंधाधुंध फायरिंग की। दो बुलडोजरों को आग लगा दी गई। करीब 30 मिनट तक सड़क पर बवाल होता रहा, जिससे इलाके में दहशत फैली रही। घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें कई युवक फिल्मी स्टाइल में बीच सड़क पर फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। बवाल के मामले में एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी ने इस घटना में स्थानीय पुलिस की लापरवाही को लेकर इज्जतनगर थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।