बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह ईंट भट्ठा मालिक की हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। ढकनी गांव निवासी मोहम्मद मजहर खान उर्फ बॉबी एडवोकेट का ईंट भट्ठा गांव पदारथपुर में है। भट्ठे पर काम कर रही भुता क्षेत्र के गांव कल्यानपुर निवासी महिला सितारा व उसके बेटे और फरीदपुर के मोहल्ला भूरेखां गौटिया निवासी रेहान के बीच सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे घोड़ा बग्घी लगाने को लेकर विवाद हो गया। रेहान ने सितारा के लड़कों को पीटा। लोगों के बीचबचाव के बाद आरोपी रेहान ने अपने साथियों को बुला लिया। उसके साथी पिकअप से आए और महिला के बेटों को दोबारा पीटने लगे। इस बीच वहां भट्ठा मालिक मजहर खान आ गए। उन्होंने रेहान को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। लोगों में चर्चा है कि ईंट भट्ठा मालिक ने उसे थप्पड़ मार दिए, जिससे बौखलाए रेहान ने भट्ठा मालिक के सीने पर गोली मार दी। इससे भट्ठा मालिक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। आरोपी रेहान की मोटरसाइकिल भट्ठे पर ही छूट गई। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।