बरेली में मेयर उमेश गौतम के कथित ऑडियो को लेकर घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारत सेवा ट्रस्ट पर सांसद संतोष गंगवार के समर्थन में कुर्मी समाज की प्रेसवार्ता के बाद अब ब्राह्मण समाज के कई लोगों के साथ सांई मंदिर पर पंडित सुशील पाठक ने प्रेसवार्ता की। वक्ताओं ने इशारों में संतोष गंगवार को अगला विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़ने की चुनौती दे डाली। बयानबाजी करने वाले कुर्मी समाज के कथित नेताओं पर कार्रवाई की मांग कर दी। पंडित सुशील पाठक ने कहा कि लगभग 18 लाख कुल मतदाता बरेली लोकसभा में हैं। इनमें अगर कुर्मी तीन लाख हैं तो तीन लाख ब्राह्मण वोटर भी हैं। कुल मिलाकर सनातनी वोटर इतने हैं जो किसी भी दल को जिताने के लिए सक्षम हैं। ब्राह्मणों ने हमेशा सनातन विचारधारा का साथ दिया है।