उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर बरेली की आशा कार्यकर्ताओं और संगिनियों ने मांगों के समर्थन में शुक्रवार को सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन मंडलायुक्त कार्यालय में सौंपा। जिलाध्यक्ष शिववती साहू ने कहा कि सरकार और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अफसर मांगों की अनदेखी कर रहे हैं। इसलिए आंदोलन करने के लिए विवश हैं। 23 दिसंबर को शासन ने वार्ता के लिए बुलाने का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई ठोस पहल नहीं हुई। अब आशा कार्यकर्ताओं को डराने, धमकाने, वेतन रोकने, अपमानित करने का दौर शुरू हो गया है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम वेतन, ईपीएफ-ईएसआईसी, ग्रेच्युटी, लंबित प्रोत्साहन राशि, यात्रा भत्ता, मोबाइल फोन, इंटरनेट सुविधा, आयुष्मान, आभा कार्ड की बकाया राशि भुगतान करने, मृतक आश्रितों को मुआवजा देने, अवैध वसूली पर अंकुश लगाने आदि की मांग की। यहां चंपा गंगवार, जयश्री गंगवार, कमलेश, मंजू, सावित्री सहित बड़ी संख्या में आशा कर्मी मौजूद रहीं।