बरेली के फरीदपुर में महिला के कान से कुंडल नोचकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। सोमवार सुबह कच्ची नहर पटरी पर मोहनपुर के पास चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके पास से लूटा गया कुंडल, तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।