बरेली में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को फ्यूचर यूनिवर्सिटी में आयोजित हुई। इसमें 9वीं से 12वीं कक्षा तक के पंजीकृत 1810 में से 950 विद्यार्थी शामिल हुए। यहां बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, गोरखपुर, सुल्तानपुर से भी विद्यार्थी आए थे। दूर-दराज से आए विद्यार्थी परीक्षा के निर्धारित समय से करीब दो घंटे पहले ही केंद्र पर पहुंच गए थे। सुबह 10:30 बजे से विद्यार्थियों का प्रवेश शुरू हुआ। प्रवेशपत्र और फोटोयुक्त पहचानपत्र देखकर प्रवेश दिया गया। 90 मिनट तक चली परीक्षा के बाद ज्यादातर विद्यार्थी चहकते नजर आए तो कुछ मायूस रहे। बताया कि गणित, अंग्रेजी का प्रश्नपत्र कठिन रहा। कई सवाल हल नहीं कर सके। कुछ को पेपर बेहद आसान लगा।