बारादरी क्षेत्र के जोगी नवादा में 32 साल पुराना विवाद जड़ से खत्म हो गया। दो दिन पहले आपसी सहमति से विवाद का पटाक्षेप होने के बाद रविवार को पुलिस प्रशासन ने पहली परीक्षा पास कर ली। हिंदू समुदाय के लोगों की आबादी वाली मौर्य गली से होकर तख्त का जुलूस निकाला गया। इस दौरान हिंदू पक्ष के लोगों ने जुलूस पर फूल बरसाए। करीब 32 साल से यहां सड़क पार कर जा रही पीपल के पेड़ की डाल की वजह से सड़क खोदकर ताजिया निकाला जाता था। दो साल पहले विवाद के दौरान तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी का तबादला कर दिया गया था और कई पुलिसकर्मी निलंबित हुए थे। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने 19 बैठकें कर लोगों को एकजुट कराया। जोगी नवादा में बही सौहार्द की बयार का शहर के लोगों ने स्वागत किया है। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल मौजूद रहा। माना जा रहा है कि अब कांवड़ जुलूस व वारावफात का जुलूस भी शांतिपूर्वक तरीके से निकल जाएगा।