बरेली में रविवार को पुलिस लाइन परिसर में झंडा दिवस मनाया गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने इस मौके पर डीजीपी का संदेश सभी कर्मचारियों को पढ़कर सुनाया और पुलिस ध्वज फहराया। एसएसपी ने यहां मौजूद पुलिसकर्मियों से कर्तव्य निष्ठा, अनुशासन और जनता के प्रति समर्पण की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया।
एसएसपी ने बताया कि आज के ही दिन 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस का ध्वज सौंपा था। उन्होंने बताया कि प्रांतीय पुलिस बल में भारत वर्ष में सबसे पहले उत्तर प्रदेश पुलिस को ही उसका ध्वज सौंपा गया था। हमें अपनी वर्दी की आन बान और शान कायम रखने की जरूरत है ताकि पुलिस पर जनता का भरोसा आने वाले समय में और बढ़े।