बरेली के बीसलपुर चौराहे पर एक पेड़ के नीचे शनिवार शाम एक नवजात शिशु पड़ा मिला। सूचना मिलने पर बारादरी थाना के इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय पहुंचे। उन्होंने बताया कि गश्त के दौरान पेड़ के नीचे शिशु की रोने की आवाज आई। पुलिसकर्मियों ने पास जाकर देखा तो नवजात शिशु पड़ा था। उसे कोई थैले में रखकर छोड़ गया था।
थैले में शिशु मिलने की खबर मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। शिशु को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी सूचना चाइल्ड लाइन को दी गई है। चाइल्ड लाइन समन्वयक सोनू श्रीवास्तव ने बताया कि अभी बच्चे की सूचना मिली है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच के बाद ही बताया जा सकेगा की बच्चा कितने दिन का है।