रक्षाबंधन के पर्व पर जिले में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। स्कूली बच्चियां थानों और कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों व जवानों की कलाई पर राखी बांध रही हैं। बदले में खाकी ने भी बहनों की सुरक्षा का संकल्प लिया और उन्हें उपहार भेंट किए। देवा कोतवाली में एक निजी स्कूल की छात्राओं ने कोतवाल आलोक कुमार त्रिपाठी समेत सभी पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। बच्चियों ने तिलक लगाकर राखी बांधी तो पुलिसकर्मियों ने उनकी रक्षा और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान बच्चियों को उपहार भी दिए गए। वहीं शहर कोतवाली में भी स्कूली बच्चियों ने कोतवाल सुधीर कुमार सिंह की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन मनाया। कोतवाली परिसर में भाई-बहन के स्नेह और पुलिस-पब्लिक के आत्मीय रिश्ते की तस्वीर देखने को मिली।