बाराबंकी जिले को मिली इलेक्ट्रिक डबल डेकर बसें नवीन बस स्टेशन पर छह माह से खड़ी धूप व बारिश से खराब हो रही हैं। चार्जिंग स्टेशन न बनने और कागजी कार्रवाई अधूरी होने से इनके संचालन पर ग्रहण लगा है। बताया जा रहा है कि तीन इलेक्ट्रिक बसों का कम्प्रसेर लीक हो रहा है। यहां तक टायरों से हवा निकलने लगी हैं। अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों से सुविधाजनक सफर का सपना यात्रियों का पूरा होते नहीं दिख रहा है। बाराबंकी जिले के लिए पहले चरण में तीन और दूसरे चरण में पांच इलेक्ट्रिक डबल डेकर बसें आवंटित हुई। बसों के आए करीब छह माह हो गए, लेकिन इनके संचालन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। बस स्टेशन के कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय से खड़ी बसों के टायरों से हवा निकलने लगी, तीन बसें ऐसी हैं जिनका कंप्रेशर तक लीक हो गया है। अन्य खराबियां भी होंगी, लेकिन इन बसों के गेट खोलकर देखा नहीं गया। बस स्टेशन के वर्कशाप में चार्जिंग सेंटर का निर्माण होना है। स्थान का चयन कर बाराबंकी डिपो द्वारा पावर कार्पोरेशन को कनेक्शन देने के लिए पत्र लिखा गया। पावर कार्पोरेशन ने 720 केवीए का कनेक्शन व ट्रांसफार्मर समेत अन्य कार्य तीन करोड़ रुपये में कराने का स्टीमेट बनाकर दिया। एआरएम बाराबंकी ने आरएम कार्यालय को पत्र भेज तीन करोड़ रुपये के बजट की मांग की, लेकिन अभी शासन से बजट नहीं मिला जिससे चार्जिंग स्टेशन का कार्य ठप पड़ा है।