फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: अनियंत्रित पुलिस जीप ने मासूम सहित चार महिलाओं को रौंदा, सात माह की बच्ची की मौत, पुलिसकर्मी भागा

भगवानपुर चौराहे पर मंगलवार दोपहर मामा के घर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने घर लौट रहीं महिलाओं को तेज रफ्तार अनियंत्रित पुलिस जीप ने रौंद दिया। हादसे में सात माह की मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद जीप चालक पुलिसकर्मी वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। सीतापुर जिले के ढेमोड़ा गांव निवासी ज्ञान देवी अपने मामा के घर खैरीघाट थाना क्षेत्र के जबदहा गांव आई थीं। दो दिन पूर्व मामा के घर बेटे के जन्म के उपलक्ष्य में बरहा संस्कार का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मंगलवार को ज्ञान देवी अपने परिवार की महिलाओं सुनीता (45) पत्नी सुशील, मर्रा (30) पत्नी पन्नू, सन्नो (19) पत्नी चंद्रप्रकाश तथा सन्नो की सात माह की पुत्री कुसुम के साथ सीतापुर लौटने के लिए निकली थीं। दोपहर के समय सभी महिलाएं भगवानपुर चौराहे पर सीतापुर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही पुलिस जीप ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़ी महिलाओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि महिलाएं सड़क पर दूर जा गिरीं, जबकि मासूम कुसुम जीप के नीचे कुचल गई। चौराहे पर अफरातफरी मच गई और चीखपुकार से माहौल गूंज उठा। हादसे के तुरंत बाद चालक पुलिसकर्मी जीप मौके पर छोड़कर भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए जीप को हटाया और किसी तरह घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस से सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सात माह की कुसुम को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल सुनीता, मर्रा, सन्नो और ज्ञान देवी को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि यदि पुलिस वाहन ही सड़कों पर इस तरह बेलगाम दौड़ेंगे तो आमजन की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। मामले में पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें