फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाराबंकी में यातायात जागरुकता माह के शुभारंभ पर एसपी रवीना त्यागी ने चालकों से किया संवाद

बाराबंकी में यातायात जागरुकता माह के शुभारंभ पर रविवार को पुलिस लाइन सभागार में नजारा कुछ बदला-बदला था। मंच से भाषण देने के बजाय एसपी रवीना त्यागी ने माइक संभाला और सीधे ई-रिक्शा व डंपर चालकों के बीच पहुंच गईं। फिर ऐसा सवाल किया कि चालक भी मुस्कुराने लगे। एसपी ने पूछा- साफ-साफ बताइए, कौन लोग क्षमता से अधिक सवारियां बैठाते हैं? ईमानदारी से बताइएगा। इस पर रामानुज, सुरेश और दिनेश समेत चालकों ने अपनी ओर इशारा करते हुए गलती स्वीकार की। एसपी ने चालकों से कहा कि हम आपकी रोजी-रोटी के साथ खिलवाड़ नहीं करना चाहते और न ही इतनी सख्ती करना चाहते हैं कि आपको नुकसान हो। हमारा मकसद सिर्फ जान बचाना है। आपकी जान भी कीमती है और आपके वाहन में बैठने वाले यात्रियों की भी। उन्होंने समझाया कि जो यात्री आपके वाहन में बैठता है, वह अपनी जिंदगी की डोर आपके हाथों में सौंपता है। उसके घर में भी कोई उसका इंतजार कर रहा होता है। इसलिए एक-दो मिनट अधिक लग जाएं तो कोई बात नहीं, लेकिन क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं। एसपी की इस सीधी बातचीत का असर भी दिखा। चालकों ने सामने ही वादा किया कि अब क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाएंगे और अचानक वाहन भी नहीं मोड़ेंगे। यातायात जागरूकता माह के शुभारंभ पर चालकों की ओर से इस तरह नियमों के पालन का भरोसा देना कार्यक्रम का खास पल रहा। इस मौके पर संवाद न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए एसपी ने कहा कि जागरूकता से ही यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और हम सब मिलकर किस दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएंगे। एएसपी उत्तरी विवेक तिवारी ने बताया कि जिले में 29 ब्लैक स्पॉट हैं। नवंबर भर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। यातायात प्रभारी रामजतन यादव ने कहा कि जिस तरह लोग होली और दिवाली मनाते हैं, उसी तरह यातायात जागरूकता माह भी पूरे उत्साह से मनाएं। कोशिश है कि एक महीने की जागरूकता ऐसी आदत बने कि बाकी 11 महीने भी लोग यातायात नियमों का पालन करें। इस मौके पर एसपी दक्षिणी रितेश कुमार सिंह, सीओ सिटी आफताब आलम समेत यातायात पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इस मौके पर पुलिस लाइन में वाहन व वाहन चालकों की जांच के लिए अत्याधुनिक उपकरणों का प्रदर्शन किया गया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें