बाराबंकी में शहर कोतवाली इलाके में देवा रोड पर ओवरब्रिज के नीचे से गुजरी रेलवे क्रॉसिंग पर एक युवक द्वारा रील बनाने के चक्कर में ट्रेन का इंजन रोकने की कोशिश करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक रेलवे लाइन पर कॉसिंग बंद होने के बाद खड़ा रहा। इस दौरान मालगोदाम से शंटिंग इंजन निकल रहा था। इंजन नजदीक आने के बाद भी युवक ट्रैक से नहीं हटा तो पायलट ने इंजन रोक दिया। इसके बाद पायलट ने युवक को रोका तो वह मौके से चला गया। रेलवे क्रॅासिंग पर खड़े लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, हालांकि अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता। जीआरपी के प्रभारी थानाध्यक्ष सोनवीर सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो करीब 15 दिन पुराना है। वीडियो में मौजूद युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।