यूपी के बाराबंकी में जिला अस्पताल में सोमवार को सुबह ओपीडी खुलते ही हालात बेकाबू नजर आए। अस्पताल परिसर में मरीजों की ऐसी भीड़ उमड़ी कि पर्चा बनवाने में ही लोगों को घंटों पसीना बहाना पड़ा। बुखार और जुकाम से पीड़ित मरीजों के अलावा बुजुर्ग महिलाएं भी कतारों में जूझती रहीं। सबसे ज़्यादा भीड़ चिकित्सा अधीक्षक और फिजीशियन डॉ. राजेश कुशवाहा के सामने देखी गई। कई मरीजों ने शिकायत की कि अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन लंबे समय से खराब है। इसके चलते उन्हें निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का सहारा लेना पड़ा। इसी बीच अस्पताल के एक्स-रे रूम से अफरा-तफरी की तस्वीरें सामने आईं। विकिरण के खतरे के कारण इस कमरे में रुकने की अनुमति नहीं है। लेकिन, भीड़ का दबाव इतना बढ़ा कि लोग जबरन अंदर घुस गए। धक्कामुक्की और मारामारी की इस स्थिति का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अस्पताल प्रशासन का दावा है कि सोमवार को ओपीडी में 2100 से अधिक मरीजों को देखा गया। भीड़ बढ़ने की वजह से अव्यवस्था की स्थिति बनी। फिलहाल अस्पताल प्रशासन व्यवस्था संभालने में जुटा है। लेकिन, हालात अब भी सामान्य नहीं हो पाए हैं।