राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत गुरुवार को महाराणा प्रताप चौक पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्राओं ने बिना हेलमेट लगाए निकले बाइक सवारों को रोककर गुलाब का फूल भेंट किया। उन्हें हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित किया। महाराणा प्रताप चौराहे पर परिवहन, शिक्षा व यातायात विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने जीआईसी व भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन के विषय में जानकारी दी। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी शंकर जी सिंह ने छात्र-छात्राओं को नाबालिग उम्र में वाहन न चलाने तथा बिना वैध लाइसेंस के वाहन न चलाने की नसीहत दी। मंडलीय मास्टर ट्रेनर डॉ. पीयूष मिश्र ने छात्र-छात्राओं को नोडल के रूप में नामित करते हुए जागरूकता अभियान को अपने घर से ही प्रारंभ करने का आह्वान किया।