दो दिन पूर्व महोबा जा रही रोडवेज बस में चालक के बगल सीट में रखे बैग से महिला के पांच लाख के सोने-चांदी के जेवर गायब हो गए थे। महिला की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने चालक और परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। महोबा के कबरई कस्बा निवासी रेखा पत्नी कमल ने नगर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 19 मई को वह बांदा रोडवेज बस अड्डे से महोबा डिपो की बस से कबरई जा रही थीं। बैग चालक ने अपने पास रखवा लिया था। बस से उतरकर घर पहुंची और बैग खोलकर देखा तो सोने का हार, टीका, बेसर, चेन, मंगलसूत्र, झुमकी और 10 हजार रुपये गायब थे। रेखा ने बस के चालक मिराज व परिचालक मोहम्मद फरीद पर जेवर चोरी करने का आरोप लगाया। नगर कोतवाली पुलिस ने रोडवेज चालक व परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।