बलरामपुर जिले में रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न हुई। चार केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में पंजीकृत कुल 1801 अभ्यर्थियों में से 1765 परीक्षार्थी शामिल हुए, वहीं 36 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोडृ दी। नीट की परीक्षा को लेकर नगर में बड़े वाहनों का प्रवेश सुबह 11:00 से शाम 6:00 बजे तक बंद रहा। बड़े वाहनों को नगर के बाहर ही रोक दिया गया था। जिले के केंद्रीय विद्यालय और एमएलके महाविद्यालय ए, बी और सी ब्लॉक को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा का परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सभी परीक्षा केंद्रों पर नीट की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शुरू हुई, लेकिन इसके लिए अभ्यर्थियों का केंद्रों पर पहुंचना दोपहर 12:00 बजे से ही शुरू हो गया था। मुख्य द्वार पर चस्पा सीट प्लान देखकर अभ्यर्थियों ने अपने कक्ष की जानकारी ली। परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पूर्व परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली गई। इसके साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। केंद्रीय विद्यालय में 264 के सापेक्ष 256 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि आठ अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। एमएलके महाविद्यालय के ए-ब्लॉक में 600 के सापेक्ष 590 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, वहीं 10 गैरहाजिर रहे। बी-ब्लॉक में 457 के मुकाबले 450 ने परीक्षा दी, वहीं सात अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। एमएलके महाविद्यालय के सी-ब्लॉक में 480 के सापेक्ष 469 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, वहीं 11 ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हर केंद्र पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। एडीएम न्यायिक शिव नरायन सिंह ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई है। कहीं से भी किसी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली है।