उतरौला (बलरामपुर)। मौसम परिवर्तन ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार रात आई तेज आंधी और बारिश ने खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचाया। कई स्थानों पर मड़ाई के लिए रखी फसल बिखर गई, जबकि खड़ी फसल भी हवा के तेज झोंकों से खेतों में लेट गई। अचानक हुए मौसम बदलाव से किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार कटाई के बाद खेतों में पड़ी गेहूं की फसल आंधी-पानी के कारण भीग गई, जिससे मड़ाई कार्य प्रभावित हो गया है। कई जगहों पर फसल पानी में भीगने से दानों की गुणवत्ता खराब होने की आशंका जताई जा रही है। खेतों में बिखरी फसल को दोबारा समेटने में किसानों को अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है। बारिश के चलते मड़ाई का काम भी रुक गया है, जिससे किसानों को विलंब का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो उपज घटने के साथ ही आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। आंधी-पानी के बाद किसान अपनी-अपनी फसल बचाने में जुटे दिखाई दिए। कोई खेतों में गिरी फसल को समेटता नजर आया तो कोई पानी निकासी की व्यवस्था करता दिखा। मौसम की इस मार से क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल बना हुआ है। जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र खरवार ने बताया कि नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। पेश है उतरौला रिपोर्टर राकेश श्रीवास्तव राजन की वीडियो रिपोर्ट...