बलरामपुर। जिले के प्रभारी एवं उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने पर्यटक आवास गृह में रविवार को मीडिया संवाद कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने मोदी सरकार के 12 वर्षों को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित बताया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत पात्र परिवारों को निशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और उज्ज्वला योजना को गरीबों के जीवन में बदलाव लाने वाली योजनाएं बताया। वहीं महिलाओं के लिए स्वयं सहायता समूह और लखपति दीदी योजना, युवाओं के लिए स्टार्टअप इंडिया व कौशल विकास मिशन तथा किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि को सशक्तिकरण का आधार बताया। उन्होंने कहा कि देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत-2047 के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, चेयरमैन डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, कार्यक्रम संयोजक आद्या सिंह पिंकी व मीडिया प्रभारी डीपी सिंह बैंस सहित अन्य मौजूद रहे।