बलरामपुर में खाद की कालाबाजारी, कृषि अधिकारियों की लापरवाही और योजनाओं में अपारदर्शिता से नाराज किसानों ने कृषि भवन का घेराव कर प्रदर्शन किया। भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के बैनर तले जिला संगठन मंत्री रामदुलारे शुक्ल की अगुवाई में सैकड़ों किसान एकत्र हुए। उन्होंने कृषि विभाग के अफसरों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। किसानों ने कहा कि कृत्रिम रूप से जिले में उर्वरक की किल्लत पैदा की जा रही है। किसान भटक रहे हैं, लेकिन काला बाजारी करने वाले खुलेआम 350 से 400 रुपये में उर्वरक बेच रहे हैं। वहीं सरकारी समितियों पर यूरिया पहुंचते ही गायब हो जाती है। किसानों ने मांग की है कि जिला कृषि अधिकारी, उपनिदेशक और एआर की मिलीभगत की जांच कराई जाए। दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।