बलिया पुलिस के बेड़े में सोमवार को नए आधुनिक वाहन शामिल हो गए। आमजन की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आपातकालीन स्थितियों में त्वरित सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से यूपी-112 मुख्यालय लखनऊ की ओर से जनपद को तीन नई स्कॉर्पियो पीआरवी वैन उपलब्ध कराई गई हैं। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने वाहनों को पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर संबंधित थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि आपातकालीन स्थितियों में रिस्पॉन्स टाइम (त्वरित प्रतिक्रिया) को न्यूनतम किया जाए ताकि आमजन को तत्काल सहायता मिल सके। पुलिसकर्मी सेवा, सुरक्षा, संवेदना के मूलमंत्र को आत्मसात करते हुए जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें और नागरिकों के साथ बेहतर संवाद बनाए रखें। इन वाहनों को दुबहर, चितबड़ागांव और भीमपुरा के लिए रवाना किया गया है।