रेवती रेलवे स्टेशन के पुराने दर्जे की पुनर्बहाली को लेकर चल रहे रेल आंदोलन के 20वें दिन स्टेशन को हाल्ट किए जाने के विरोध में वक्ताओं ने आवाज बुलन्द की। उक्त स्टेशन को पूर्ण दर्जा देने की मांग की। आंदोलनकारियों ने आंदोलन स्थल पर रेल मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पुनीत पाठक ने कहा कि यहां की भूमि क्रांतिकारियों की भूमि है। गलत के विरुद्ध यहां के लोगों की आवाज मुखर होती रही है। आज रेल आंदोलन का 20वां दिन है, दुखद है कि अब तक रेल विभाग ने कोई सार्थक कदम नहीं उठाया। व्यापारी नेता अरविन्द गांधी ने कहा हमारे टैक्स से रेलवे चलती है। हमारा आंदोलन गलत मांग के लिए नहीं है। हम कोई कानून नहीं तोड़ रहे हैं। जनहित की लड़ाई लड़ रहे हैं। यदि जनता की भावना को सरकार नहीं समझेगी तो खाते का बैलेंस जीरो पर चला जाएगा, ऐसा जनता कह रही है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष विरेन्द्र गुप्ता ने कहा रेवती रेलवे स्टेशन ऐतिहासिक रहा है। स्टेशन था तो चार एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव है। हाल्ट की स्थिति में कब वे ट्रेनें बन्द हो जाएंगी कहा नहीं जा सकता। हैप्पी पाण्डेय ने कहा अमृत महोत्सव में सभी स्टेशनों को संवारा जा रहा है जबकि हमारे स्टेशन को हाल्ट कर दिया गया। इससे पहले रेल मंत्री की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई। इसके बाद पुतले का दहन किया गया।