बलिया जिले में छात्रवृति और निःशुल्क मोबाइल-टैबलेट वितरण की मांग को लेकर नगर के तीनों महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जिलाधिकारी को पत्र सौंपा। इस मौके पर उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नु ने कहा कि प्रत्येक वर्ष छात्रों की छात्रवृत्ति के नाम पर उनको छला जा रहा है। कहा कि कुछ छात्रों के खाते में 2 वर्षों की छात्रवृत्ति आई है तो कुछ छात्रों के खातों में एक वर्ष की छात्रवृत्ति आई है। यहीं नहीं महाविद्यालय के अधिकांश छात्र-छात्राओं को खातों में अब तक छात्रवृत्ति नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने चेताया कि यदि एक सप्ताह के अंदर सभी छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति नहीं पहुंचती है तो छात्र बलिया को बंद कराने के साथ ही छात्र कर्फ्यू का आह्वान किया जाएगा। अरविंद गोंडवाना ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजना नि:शुल्क मोबाइल और टैबलेट बांटने की है, लेकिन कुछ वर्षों से छात्र-छात्राओं में मोबाइल टैबलेट वितरित नहीं किया जा रहा है। छात्रनेताओं के प्रतिनिधिमंडल के शामिल छात्रनेता अविनाश सिंह नंदन ने कहा कि जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि मुख्य विकास अधिकारी से वार्ता के पश्चात सभी छात्र-छात्राओं के खातों में जल्द से जल्द उनकी छात्रवृत्ति पहुंचा दी जाएगी। इसके साथ ही मोबाइल टैबलेट से संबंधित कार्यवाही के तीनों महाविद्यालयों के प्राचार्य से बैठक करके जल्द ही मोबाइल वितरण की प्रक्रिया भी शुरू कराई जाएगी।इस मौके पर आदित्य योगी , राकेश मोहन यादव , रितेश पांडेय, पूजा शर्मा , ओमकार सिंह , हैप्पी सिंह, प्रफुल्ल सिंह, आशीष सिंह प्रधान, आदित्य सिंह भुअर, रेखा पांडेय, सुजाता तिवारी, महिमा सिंह आदि रहे।