शहर से सटे संवरूबांध स्थिति राधा कृष्ण एकेडमी में शुक्रवार को अमर उजाला की तरफ से आयोजित तनाव मुक्त परीक्षा कार्यक्रम में बच्चों को परीक्षा की सफलता का मंत्र बताया गया। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर डॉ. नीरज कुमार सिंह ने बच्चों को प्रेरक एवं मार्गदर्शक व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा को जीवन का अंतिम लक्ष्य न मानकर सीखने की प्रक्रिया का एक पड़ाव समझने की सलाह दी। कहा कि परीक्षा से जुड़ा तनाव मुख्यतः अनावश्यक अपेक्षाओं, तुलना की प्रवृत्ति और परिणाम-केन्द्रित सोच से उत्पन्न होता है। यदि विद्यार्थी सुनियोजित अध्ययन, समय-प्रबंधन और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं, तो परीक्षा स्वाभाविक और सहज हो सकती है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि असफलता पराजय नहीं होती, बल्कि आगे बढ़ने का एक अवसर होता है।