जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूल चलो रैली का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों सहित बड़ों ने बड़ी सक्रियता से सहयोग किया। रैली निकाल बच्चों तथा अभिभावकों को जाग्रत करने का प्रयास किया गया। इस दौरान कतार में खड़े बच्चों का मनमोहक दृश्य देखने को मिला। शिक्षा क्षेत्र रसड़ा अंतर्गत कन्या प्राथमिक विद्यालय गढ़िया में “स्कूल चलो अभियान” के तहत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा। रैली का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो बच्चे अभी विद्यालय नहीं आ रहे हैं, उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजना आवश्यक है ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके। रैली के माध्यम से बच्चों ने “सभी पढ़ें, सभी बढ़ें” का संदेश दिया और गांव में घूम-घूमकर अभिभावकों से अपने बच्चों को विद्यालय भेजने की अपील की। इस दौरान शिक्षकों ने भी लोगों को शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। रैली में प्रधानाध्यापिका अनुरानी सिंह, मनीष कुमार पांडेय, रेनू यादव, श्वेता गुप्ता, कृष्णा गुप्ता सहित विद्यालय स्टाफ एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।