ऐतिहासिक तीर्थ स्थल श्री छितेश्वर नाथ धाम छितौनी परिसर में श्री विष्णु महायज्ञ के छठें दिन श्री मद्भागवत कथा सुनने के लिए काफी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। कथावाचक नेहा सारस्वत ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा को सुनने का फल यह भागवत कल्पवृक्ष है। भागवत कथा सुनने से मन को शांति मिलती है। आप जिस मनोरथ के साथ श्रीमद् भागवत कथा श्रवण करेंगे, आपके उस मनोरथ की सिद्धि होगी। हिंदू धर्म में कई कथाओं के सुनने से अलग अलग लाभ मिलते हैं, लेकिन भागवत कथा का इतना महत्व है कि कहते हैं कि इसे सुनने वाला सीधे मोक्ष को प्राप्त होता है। शास्त्रों और पौराणिक कथाओं में भी भागवत कथा सुनने की महिमा का बखान मिलता है। भागवत कथा सुनने से व्यक्ति का आध्यात्मिक विकास होता है। यह भगवान के प्रति भक्ति को गहरा करता है और व्यक्ति को मोक्ष की ओर ले जाता है। भागवत कथा सुनना पूर्णरूप से फलदायी होता है। विधायक केतकी सिंह ने कथावाचक नेहा सारस्वत को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। कहा कि छितौनी मंदिर परिसर में यहां की समिति के आग्रह पर महिलाओं के लिए शौचालय का निर्माण शीघ्र किया जाएगा। छितौनी जर्जर मार्ग की मरम्मत कार्य आने वाले छह माह में पूरा कर लिया जाएगा। इससे आने वाले श्रद्धालुओं के लिए काफी सहूलियत होगी। कहा कि सनातन हमें सिखाता है, धर्म की रक्षा करना, हमें धर्म के प्रति चेतना करना है। कहा कि जो समुदाय अपने धर्म की रक्षा नहीं करता वह समुदाय मरे के सामान है। यज्ञाधीश भानुदेव दास महाराज ने बताया कि विष्णु महायज्ञ की पूर्णाहुति 18 नवंबर को भंडारे के साथ होगी।