रतसर कस्बा के बीका भगत पोखरा पर रविवार को आयोजित होली मिलन व सम्मान समारोह में लोकगायकों ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। फगुआ गीतों पर तालियां बटोरी। कार्यक्रम का शुभारंभ लोकगायिका रीतू राय ने मीरा के भजन से किया। लोकगायक शिवशंकर शुभम ने देवी गीत ''''सब पर कृपा बा महारानी के, हम त बुलबुला पानी के'''' गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। सुर संग्राम विजेता वीरेंद्र भारती ने फगुआ गीत कइसे काटी फगुनवा सखी, निर्मोही सजनवा ना अइले, गाकर शमां बांधा। जिससे श्रोताओं पर होली का सुरूर चढ़ गया। लोकगायक गोपाल राय ने भी फगुआ गीत ''''होलिया में आ जा दिल ई दिवाना बा'''' सहित एक से बढ़कर एक होली गीत की प्रस्तुति दिया। नन्हा तबला वादक सुधांशु पाण्डेय ने भी खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपर जिला एवं सत्र न्यायधीश उन्नाव ममता सिंह एवं विशिष्ठ अतिथि ज्ञान पीठिका स्कूल की निदेशक रीना सिंह को कार्यक्रम संयोजक अमित यादव द्वारा स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले लोगों को मुख्य अतिथि द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एडवोकेट देवानंद सिंह ने कार्यक्रम के महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होली रंगों का ऐसा पर्व है जो समाज में प्रेम भाई-चारा और एकता का संदेश देता है। आपसी सद्भाव समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। कार्यक्रम का संचालन देवानंद सिंह ने किया। उद्घोषक रविरंजन राय रहे। समारोह में अजीत यादव, रामबाबू यादव, पीयूष सिंह, निप्पू सिंह, अरविंद शर्मा, अक्षय लाल, शर्मा सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।