खरीद-दरौली पीपा पुल पर गत मंगलवार को पिकअप नदी में गिरने के 72 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी पिकअप स्वामी अंकित वर्मा का पता नहीं चल सका है। तीन दिनों से अंकित के परिजन नदी के किनारे किनारे शव को खोजने में लगे हैं। 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद शुक्रवार की दोपहर एसएचओ विकास चन्द पाण्डेय, कानूनगो हरेराम यादव के साथ बजरंग बहादुर सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ की नौ सदस्यीय टीम पीपा पुल के पास पहुंची। स्टीमर के सहारे शव ढूंढने का प्रयास शुरू किया। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद स्थानीय पुलिस की ओर से नाव उपलब्धकराई गई थी। परिजन खुद नाव में सवार होकर अंकित को नदी में ढूंढने का प्रयास कर रहे थे। अब एसडीआरएफ की टीम शव को ढूंढने का प्रयास कर रही है। अंकित के परिजनों का रोरो कर बुरा हाल है। खरीद-दरौली जर्जर पीपा पुल से मंगलवार की सुबह सब्जी पहुंचाकर वापस आ रही पिकअप नदी के गहरे पानी में जा गिरी थी। इसमें ड्राइवर संदीप राजभर (25) किसी तरह पीपे में बंधी रस्सियों के सहारे बाहर निकल गया। दूसरा युवक अंकित वर्मा गहरे पानी में डूब गया। खबर लिखे जाने तक अंकित का शव का पता नहीं चल पाया था।